जंगीगंज। काशी और प्रयाग के मध्य स्थित सेमराध में तंबुओ की नगरी सज गई है। माघ मास कल्पवास मेले के लिए कल्पवासियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को मास पर्यंत तक चलने वाले सीता राम संकीर्तन का शुभारंभ हो जाएगा जो नौ फरवरी माघ पूर्णिमा तक चलेगा।
सेमराधनाथ में लगने वाले कल्पवास की तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। डीएम के सख्त निर्देश के बाद भी कई विभागों की ओर से अब तक कल्पवास स्थल में व्यवस्थाएं नहीं की गई लेकिन कल्पवासियों के आने का सिलसिला शुरू हो गई। कई स्थानों पर तंबू लग गए और कई स्थानों पर अब भी लग रहा है। लापरवाही का आलम यह है कि बिजली विभाग ने पोल खड़ा कर दिया है, लेकिन अभी तक तार नही खिंचा गया है। इससे कल्पवासियों को अंधेरे में रहना पड़ सकता है। लोक निर्माण विभाग भी समुचित चकरप्लेट की व्यवस्था नहीं कर सका है। माघ मेला समिति के प्रमुख स्वामी करुणा शंकर दास जी ने कहा कि मेला स्थल तक बिजली न पहुंचना लापरवाही है।