गले पर मफलर लपेटे होने के कारण गला बच गया, लेकिन युवक की एक अंगुली जख्मी हो गई। इसके अलावा मंझे से उसका मफलर और जैकेट भी कट गए।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के राजाबाजार निवासी कौश अंसारी एलएलबी पांचवें सेमेस्टर के छात्र है। वह बुधवार को परीक्षा परीक्षा देने के लिए बाइक से कछवां जा रहे था।
सुबह करीब साढ़े सात बजे जब वह गोपीगंज बाजार से बाहर निकल रहे था कि रोड के एक तरफ पतंग उड़ा रहे लड़के का मंझा अचानक उनकी गर्दन पर आ गिरा। उस समय छात्र ने सिर और गर्दन को मफलर से ढंक रखा था।
मंझे के संपर्क में आते ही मफलर कट गया। इसके बाद युवक ने मंझे को हाथ से पकड़ लिया। इससे उसकी एक अंगुली भी कट गई और रक्तस्राव होने लगा। ब्रेक लगते-लगते गाड़ी कुछ आगे निकल गई तब तक युवक की जैकेट भी कट गई।
मफलर और जैकेट को मंझे ने कैंची की मानिंद काट दिया था। इसी बीच जीटी रोड से गुजर रहा एक अन्य बाइक सवार भी मंझे की चपेट में आकर बाइक समेत गिर गया। लेकिन, चोट कम लगने के कारण वह उठकर चला गया।
इधर जख्मी कौश अंसारी पास के एक निजी चिकित्सक से उपचार कराने के बाद परीक्षा देने के लिए कछवा रवाना हुए। उन्होंने कहा कि साढ़े आठ बजे से परीक्षा थी, इसलिए किसी भी हालत में पहले परीक्षा देने पहुंचना था।
कहा कि जिस तेजी से मंझा हाथ और कपड़े काट रहा था, उससे पूरी उम्मीद है कि वह चाइनीज मंझा ही था। उधर बाइक सवारों को गिरते पड़ते देख पतंग उड़ा रहा किशोर फरार हो गया।