कुछ इसी तर्ज पर नौनिहालों में बचत की आदत डालने के मकसद से सुरियावां ब्लाक के बनकट प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए गुल्लक जरूरी कर दिया गया है। बच्चों की पॉकेट मनी से गुल्लक में एकत्र पैसे का उपयोग सामूहिक सहभागिता के सिद्धांत पर स्कूल के बच्चों के लिए ही किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से उनका जन्मदिन मनाया जाएगा और बच्चों में सामाजिक समरसता की भावना को बलवती करने से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। इसे विद्यालय में बाल बचत बैंक का नाम दिया गया है।
गौरतलब है कि यह किसी नियमावली में नहीं। कोई आदेश या निर्देश भी नहीं। लेकिन बच्चों में बचत की भावना विकसित करने के लिए एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों ने कुछ ऐसी पहल की है, जो दूसरों के लिए नजीर बनने जा रही है। गांव के अभिभावकों को संतुष्ट करते हुए नौनिहालों में स्वावलंबन की भावना विकसित करने के लिए बनकट प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के लिए गुल्लक जरूरी कर दिया गया है। इसे विद्यालय ने बाल बचत बैंक नाम दिया है। मंगलवार को स्कूल में बाल बचत बैंक का शुभारंभ कर दिया गया। पहले दिन बच्चों ने अपनी बची हुई पॉकेट मनी और शिक्षकों की मदद से कुछ पैसे गुल्लक में डाले। शिक्षकों के मुताबिक बच्चों के एकत्र किए गए धन का उपयोग उन्हीं के लिए किया जाएगा। इससे विद्यालय के बच्चों का जन्मदिन मनाया जाएगा। विद्यालय के शिक्षकों के मुताबिक बाल बचत बैंक के लिए गुल्लक हर बच्चे के लिए जरूरी है, लेकिन जो बच्चे गुल्लक खरीद पाने में असमर्थ हैं, उन्हें विद्यालय के शिक्षकों की ओर से गुल्लक दिया जाएगा।
इनसेट
समतामूलक समाज का निर्माण बच्चों के जरिए ही संभव है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में बाल बचत बैंक शुरू किया गया है, जिससे बच्चों में बचत की आदत विकसित हो और पढ़ाई-लिखाई से इतर उनमें सामाजिक सरोकार की भावना भी पनपे। इससे स्कूल के प्रति उनमें आकर्षण भी बढ़ेगा।
डा. ओमप्रकाश मिश्र
प्रधानाध्यापक, बनकट प्राथमिक विद्यालय