ज्ञानपुर। सदर कोतवाली के असनांव-ज्ञानपुर मार्ग स्थित मल्लूपुर गांव में शनिवार को मिट्टी लादकर जा रहे ट्रैक्टर से कुचल कर गुड्डू सरोज (8) की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा। वहीं ट्रैक्टर से कुचलकर मृत बच्चें के परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बाजार में चक्काजाम कर अवैध मिट्टी खनन पर रोक लगाने के साथ खनन माफिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग करने लगे।
चक्काजाम के चलते मार्ग के दोनों ओर लगे जाम की सूचना मिलने पर सीओ भूषण वर्मा मयफोर्स मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाबुझाकर चक्काजाम समाप्त कराया। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद भी मृतक के परिजन अंत तक ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी करने पर अड़े रहे।
मृतक के पिता विनय सरोज ने बताया कि चौकी पुलिस की मिलीभगत से क्षेत्र में कई दिनों से अवैध मिट्टी का खनन जेसीबी मशीन से कराया जा रहा है और दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर चालक मिट्टी की ढुलाई कर रहे हैं। बेटा गुड्डू अन्य बच्चों के साथ सड़क के समीप क्रिकेट खेल रहा था उसी समय ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
सीओ भूषण वर्मा ने बताया शव को लिखापढ़ी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खनन कार्य में लगी जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।