भदोही। सालों से लटकी कंधिया फाटक ओवरब्रिज के निर्माण की उम्मीद जग गई है। एनएचआई को ओवरब्रिज निर्माण की जिम्मेदारी मिलने के बाद सोमवार की शाम मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण रेलवे द्वितीय एसके सपरा कंधिया फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण को कार्यदायी संस्था से जानकारी ली। कंधिया फाटक के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण सालों से लटका हुआ था। पहले ओवरब्रिज का निर्माण रेलवे को किया जाना था। उस समय सड़क की चौड़ाई साढ़े सात मीटर तक थी। हालांकि मछलीशहर-जौनपुर-वाराणसी फोरलेन स्वीकृत होने के बाद इसके निर्माण की जिम्मेदारी एनएचआई को दी गई। एनएचआई को ओवरब्रिज निर्माण की जिम्मेदारी मिलने के बाद इसकी चौड़ाई 10 मीटर कर दी गई है। सोमवार को मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण रेलवे द्वितीय एसके सपरा ओवरब्रिज निर्माण के कार्यदायी संस्था के ठेकेदार पीके सिंह के साथ वहां पहुंचे। पंजाब मेल के विशेष सैलून से भदोही रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद वे कार से कंधिया फाटक पहुंचे। जहां कार्यदायी संस्था के ठेकेदार से निर्माण कार्य को लेकर जानकारी हासिल की। इसके बाद वहीं से बनारस की ओर से रवाना हो गए।