सरायजगदीश रेलवे हाल्ट क्रासिंग के पास फूंकी गई दुकान को देखता दुकानदार सूरज यादव। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/गोपीगंज। कोतवाली अंतर्गत सरायजगदीश रेलवे हाल्ट के पास अराजकतत्व बृहस्पतिवार की रात जनरल स्टोर की दुकान में आग लगाकर फरार हो गए। आग से दुकान में रखे लगभग 29 हजार रुपये नकद और डेढ़ लाख रुपये का सामान राख हो गया। रात को गश्त में निकली पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने तत्काल फायर बिग्रेड को फोन कर आग पर काबू पाया। नेवाजी निवासी दुकानदार सूरज यादव ने बताया कि वह काफी दिनों से सरायजगदीश रेलवे हाल्ट और जंगीगंज-धनतुलसी मुख्य मार्ग के किनारे गुमटीयुक्त दुकान में जनरल स्टोर चलाकर जीवन-यापन करता है। बृहस्पतिवार को शाम जनरल स्टोर को बंद कर घर चला गया था। देर रात सूचना मिली अराजकतत्वों ने दुकान में आग लगा दी है। जब तक वह दुकान पर पहुंचता 29 हजार रुपये नकद, डेढ़ लाख रुपये के नमकीन, बिस्कुट, गुटखा समेत अन्य सामान राख हो चुका था। ग्राम प्रधान लल्लू यादव ने कहा कि रेलवे हाल्ट होने सेे पुलिस गश्त बराबर होता रहता है। बावजूद इसके अराजकतत्वों की मंशा सफल हो रही है। फायर बिग्रेड के साथ आस-पास लोगों की सक्रियता न होती तो गुमटी से सटे अन्य गुमटियों के दर्जनों दुकानदारों की क्षति होती। उप निरीक्षक मोहम्मद शाबान ने बताया कि आग लगने की जानकारी होने पर औराई फायर ब्रिगेड टीम को बुलाकर आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित दुकानदार सूरज यादव ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।