कलेक्ट्रेट सभागार में शक्ति चैंपियंस को सम्मानित करते डीएम राजेंद्र प्रसाद।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शक्ति चैंपियंस का सम्मान किया गया। इसमें मिशन शक्ति के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाली महिला कल्याण विभाग की जिला समन्वयक प्रियंका गुप्ता और रेशमा भारती को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र और पहचान पत्र देकर सम्मानित किया।
डीएम ने कहा कि एक अक्तूबर से संचालित मिशन शक्ति योजना के तहत शक्ति चैंपियंस गांव, ब्लॉक और जिला स्तर पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण संग हिंसा पर रोकथाम को लेकर जागरूक कर रहीं हैं। वे निश्चित रूप से सम्मान की हकदार हैं। डीएम ने दहेज उत्पीड़न, शारीरिक और मानसिक शोषण, बाल विवाह, बालश्रम, भिक्षावृत्ति, यौन हिंसा, छेड़छाड़ के विरोध आदि के बारे में भी जानकारी दी। जिला प्रोबेशन अधिकारी महेंद्र यादव ने कहा कि 30 नवंबर को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मिशन शक्ति के तहत बेहतर कार्य करने वाली महिला पुलिस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला प्रधान समेत 100 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।