कारपेट एक्सपो मार्ट का जायजा लेते सीईपीसी प्रशासनिक सदस्यगण। स्रोत- सीईपीसी
आगामी चार से छह अक्तूबर तक भदोही के एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार शाम कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की प्रशासनिक समिति की बैठक एक्सपो मार्ट में आयोजित हुई, जिसमें गोल्डन जुबली एक्सपो की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने की।
असलम महबूब ने बताया कि तीन दिवसीय कारपेट एक्सपो में देशभर के कालीन निर्यातकों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी खरीदार भी भाग लेंगे। उनके लिए बेहतर और सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि 50वां संस्करण भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और वैश्विक पहचान का प्रतीक होगा। इसे अब तक का सबसे सफल और यादगार आयोजन बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जा रही हैं। बैठक में एक्सपो के दौरान आयातकों, निर्यातकों और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद समिति के सदस्यों ने एक्सपो मार्ट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एक्सपो संयोजक वासिफ अंसारी, प्रशासनिक समिति के सदस्य अनिल कुमार सिंह, संजय गुप्ता, इम्तियाज अहमद, हुसैन जफर हुसैनी और रोहित गुप्ता ने भी अपने सुझाव दिए। सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ 50वें गोल्डन जुबली इंडिया कारपेट एक्सपो को भव्य, सफल और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।