ज्ञानपुर। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा चल रही है। अबकी बार सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित रखनी होगी।
परिषद के निर्देश पर डीआईओएस ने सभी केंद्राध्यक्षों को पत्र जारी किया गया है। यह व्यवस्था इसलिए लागू की गई है, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता की जांच की जा सके। जिले में 94 केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा चल रही है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है।
इस बार बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहना अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान जनपदीय और मंडल स्तर के सचल दल के अधिकारी किसी भी तिथि और किसी भी विषय की परीक्षा की रिकॉर्डिंग का परीक्षण कर सकेंगे। यदि किसी केंद्र पर रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं पाई जाती है तो संबंधित केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
ीआईओएस अंशुमान ने बताया कि परिषद का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा में नकल और अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाना है। सीसीटीवी निगरानी से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और किसी भी शिकायत की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा सकेगी। परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे डीवीआर की नियमित जांच करते रहें, ताकि तकनीकी खराबी की स्थिति में समय रहते सुधार किया जा सके। रिकॉर्डिंग सुरक्षित रूप से संरक्षित रहे।