सीतामढ़ी। सीएमओ डॉ. एसके चक ने सोमवार को डीघ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन आंगनबाड़ी केंद्र केदारपुर, घनश्यामपुर का निरीक्षण किया। जहां अनुपस्थित रहने और कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर सात स्वास्थ्यकर्मी का वेतन रोका। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा और अगले आदेश तक वेतन बहाली पर रोक दी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके चक सबसे पहले केदारपुर आंगनबाड़ी केंद्र पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया कि यहां आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है, लेकिन एएनएम अनिता देवी अनुपस्थित मिलीं। इसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। कहा कि सक्षम अधिकारियों की ओर से मॉनीटरिंग न किए जाने के कारण इस तरह की लापरवाही देखने को मिल रही है। उन्होंने एएनएम समेत सीएचओ, बीसीपीएम, एमओआईसी सेमराध, एमएस डीघ का एक-एक दिन वेतन रोक दिया। इसके बाद वे घनश्यामपुर स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। यहां भी आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा था, लेकिन इसके माॅनीटिरिंग में एआरओ, एमओआईसी के द्वारा लापरवाही बरतने की शिकायत मिली। इसके चलते दोनों का एक-एक दिन का वेतन रोका है। सीएमओ ने बताया कि कार्यों को लेकर लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।