फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कारपेट एक्सपो मार्ट (चार खबरें)

विज्ञापन
विज्ञापन
भदोही। बहुप्रतीक्षित कारपेट एक्सपो मार्ट सोमवार को कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) को सुपुर्द कर दिया गया। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत सहगल की उपस्थिति में सोमवार को मार्ट में आयोजित एक समारोह में हस्तांतरण कागजातों पर राजकीय निर्माण निगम, जिला उद्योग विभाग और सीईपीसी के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने हस्ताक्षर किए। प्रमुख सचिव ने कहा कि सीईपीसी यहां गतिविधि शुरू करे। उद्योग हित के लिए सरकार हर तरह से सहयोग करेगी। कारपेट मार्ट के कागजात पर हस्ताक्षर के बाद मौके पर उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। परिषद के चेयरमैन ने कहा कि मार्ट का उपयोग परिक्षेत्र के कालीन उद्योग के विकास के लिए किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि शीघ्र ही यहां कोई आयोजन हो। हालांकि संचालन समिति की बैठक में इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा। कहा कि सरकार ने जिस उद्देश्य से इसका निर्माण कराया है, उसे सार्थक किया जाएगा। ताकि यहां के लघु एवं मझोले निर्यातकों को इसका लाभ मिल सके। समारोह के बाद परिषद सदस्यों, अधिकारियों और एकमा पदाधिकारियों ने मार्ट का अवलोकन किया। समारोह को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद, बीडा सीईओ कृतिका ज्योत्सना, एकमाध्यक्ष ओएन मिश्रा और परिषद के ईडी संजय कुमार, जिला उद्योग उपायुक्त हरेंद्र प्रताप ने भी संबोधित किया। हाजी अब्दुल हादी अंसारी, हाजी शाहिद हुसैन अंसारी, वेदप्रकाश गुप्ता, हाजी शौकत अली, उमेश गुप्ता, हाजी अब्दुल रब, राजेंद्र मिश्रा, रजा खां, रवि पाटोदिया, हाजी फिरोज वजीरी, श्रीराम मौर्य, ओएन मिश्र बच्चा, हुसैन जाफर हुसैनी, इम्तियाज अंसारी, शिवसागर तिवारी, ओपी गुप्ता आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

--
भदोही। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 15 मार्च 2015 को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास से भदोही में कारपेट एक्सपो मार्ट का शिलान्यास किया था। तब इसकी लागत 150 करोड़ रुपये बताई गई थी। इसके बाद जब तक सूबे में सपा की सरकार रही तब तक इसमे निर्माण कार्य चलता रहा। वर्ष 2017 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायतों और जांच के दौर के बाद निर्माण कार्य बार बार बाधित होता रहा। इसके बाद इसका निर्माण पूरा हो जाने के बाद महीने इसके लोकार्पण के लिए कालीन उद्यमियों को इंतजार करना पड़ा।
तीन जून 2018 को भदोही आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्जनों परियोजनाओं के बीच इसी मार्ट में समारोह में इसका लोकार्पण किया था। लोकार्पण के बाद यहां किसी आयोजन का इंतजार होने लगा। लेकिन, यह कहकर यहां आयोजन टलता रहा कि जब तक मार्ट किसी सक्षम एजेंसी को हैंडओवर नहीं कर दिया जाता है, तब तक यहां कोई आयोजन संभव नहीं है। 12 अक्तूबर 2018 को मार्ट के संचालन के लिए लखनऊ में बिडिंग में आईं तीन एजेंसियों में से सीईपीसी को 10 वर्ष के लिए इसे लीज पर देने की घोषणा प्रदेश सरकार ने की। लेकिन, इसके बाद बीच-बीच में मार्ट को परिषद को हैंडओवर करने के लिए कई बार निरीक्षण तो किया गया, लेकिन काम अधूरा होने के नाते बार बार इसका हैंडओवर टलता रहा। इस बीच जुलाई 2019 में भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी पद पर कृतिका ज्योत्सना की तैनाती के बाद से प्रमुख सचिव सुक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम डॉ. नवनीत सहगल ने उन्हें इसकी जिम्मेदारी दी। और तब से उनके लगातार प्रयास के बाद इसे सोमवार को सीईपीसी को हैंडओवर किया जा सका।
विज्ञापन

--
संचालन के लिए बनी समिति के अध्यक्ष होंगे निदेशक उद्योग
भदोही। सोमवार को कालीन निर्यात संवर्धन परिषद को हस्तांतरित हुआ कारपेट एक्सपो मार्ट का संचालन एक संचालन समिति करेगी। इस समिति के चेयरमैन प्रदेश के निदेशक उद्योग गोविंद राजू होंगे। बीडी सीईओ कृतिका ज्योत्सना ने बताया कि इस समिति में डीएम, एकमा और सीईपीसी के सदस्यों के साथ-साथ जिला उद्योग केंद्र के भी अधिकारी शामिल रहेंगे। उधर सीईपीसी के चेयरमैन सिद्धनाथ सिंह ने बताया कि शीघ्र ही संचालक मंडल की बैठक में यहां आयोजनों की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा।
--
अब कालीन मेला आयोजन का इंतजार
भदोही। कारपेट एक्सपो मार्ट के हैंडओवर हो जाने के बाद अब कालीन उद्यमी यहां शीघ्र किसी आयोजन का इंतजार कर रहे हैं। आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) यहां काफी पहले से इंडिया कारपेट एक्सपो के आयोजन की मांग करती आ रही है। इसके अध्यक्ष ओएन मिश्र ने कहा कि अब कोई बाधा नहीं रह गई है। यह कालीन उद्योग के लिए बड़ी खबर है।
गौरतलब है कि जिस परिषद को यह मार्ट सौंपा गया है, वह पहले से देश में दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के कारपेट एक्सपो का आयोजन करती रही है। इसमें से एक मार्च में नई दिल्ली में और दूसरा अक्तूबर में वाराणसी में होता आया है। भदोही के लोगों का कहना है कि चूंकि वाराणसी का एक्सपो खुले मैदान में पंडाल बनाकर होता है। ऐसे में उसी फेयर को इस मार्ट में आयोजित करने के बारे में सोचा जा सकता है। उधर परिषद के अध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह का कहना है कि परिषद ने इसे आयोजन करने के लिए ही लिया है। हम यहां आयोजन के प्रति गंभीर हैं और शीघ्र इस बारे में कोई न कोई फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें