कारपेट एक्सपो मार्ट के मुख्य द्वार के टूटे शीशे के स्लाईडिंग दरवाजे
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) 15 से 18 अक्तूबर तक कार्पेट सिटी स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले को सफल बनाने की तैयारी में जुट गया है। निवर्तमान डीएम आर्यका अखौरी के जाने से आयोजकों को झटका जरूर लगा, लेकिन नए जिलाधिकारी गौरांग राठी से उम्मीदें भी अधिक है। परिषद के पदाधिकारियों का कहना है कि महीने भर का समय बचा है, लेकिन जरूरी कदम नहीं उठाए गए। कालेन मेले में मुश्किल से 25 दिन का समय शेष रह गया है। आयोजकों ने एक्सपो मार्ट में शासन प्रशासन से सुधार की जो अपेक्षाएं की गई थी वह मंद गति से चल रही है। दो दिन पूर्व राजकीय निर्माण निगम ने छत टपकने और बेसमेंट में सीलन की समस्या को दूरुस्त करने में लगी है लेकिन वे काम तक तक दुरुस्त करेंगे साफ नहीं है। मार्ट में शीशे के कई दरवाजे चटक गए हैं। बेसमेंट में जहां बिजली सप्लाई व्यवस्था बनाई गई है वहां सीलन से हरदम पानी भरा रहता है। इतना ही नहीं बारिश में मार्ट की छत टपकती है। पिछले दिनो निर्माण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्ट के निरीक्षण के बाद वहां सीलन और छत टपकने की समस्या को दूर करने में लग गए हैं। लेकिन मार्ट की दूसरी आवश्यकताओं को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। परिषद के प्रशासनिक सदस्य असलम महबूब ने बताया कि मार्ट का वातानुकूल, लिफ्ट व्यवस्था को अभी दुरुस्त बनाया जाना है। फायर सिस्टम भी ट्रायल के दौर मे है। सीसी टीवी कैमरे भी लगाए जाने हैं। बताया जहां तक बिजली व्यवस्था की बात है तो परिषद मेले के दौरान उच्च क्षमता के जेनरेटर की व्यवस्था करेगी। निवर्तमान डीएम आर्यका अखौरी ने अंतराष्ट्रीय कालीन मेले के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। उन्होंने परिषद के लोगों को आश्वस्त किया था कि पहली बार यहां अंतराष्ट्रीय कालीन मेला आयोजित हो रहा है। यह जिले के उद्यमियों के लिए ही नहीं बल्कि जिला प्रशासन के लिए भी गर्व की बात है। नए डीएम गौरांग राठी ने कहा कि अंतराष्ट्रीय कालीन मेले के लिए निर्माण निगम को लगा दिया गया है। वे वहां काम भी कर रहे हैं। हम देखेंगे कि मेला शुरू होने से पहले पहले न केवल मार्ट पूरी तरह देश विदेश से आने वाले कालीन निर्यातकों और आयातकों के स्वागत के लिए तैयार रहे बल्कि भदोही कालीन नगरी भी विदेशियों के सामने अपनी अच्छी छवि प्रस्तुत कर सके ताकि जब लोगों को कोई कठिनाई न हो। डीएम ने यह भी कहा कि में एक दो दिन में स्वयं मार्ट का निरीक्षण करुंगा और देखुंगा की सभी आवश्यकताएं समय से पूरी हो जाएं। 15 अक्तूबर से भदोही एक्सपो मार्ट में होने वाले कालीन मेले में 85 प्रतिशत तक स्टाल बुक हो चुके है। ग्राउंड फ्लोर की दुकानें और प्रदर्शनी हाल के ग्राउंड फ्लोर पर भी अब जगह नहीं है। इसके अलावा आज तक 57 देशों के कुल 289 विदेशी खरीदारों के आने की संस्तुति सीईपीसी को मिल चुकी है। परिषद के इम्तीयाज अहमद ने बताया कि अब केवल प्रदर्शनी हाल के उपर तथा तृतीय तल की दुकानों में कुछ खाली हैं। पूरा उम्मीद है कि शीघ्र ही सभी स्टाल बुक हो जाएंगे।
एक्सपो मार्ट की प्रथम तल की दुकानें जो सभी बुक हो चुके हैं- फोटो : BHADOHI
कारपेट एक्सपो मार्ट का बेसमेंट जिसमे सीलन से हमेशा पानी लगा रहता है- फोटो : BHADOHI