ज्ञानपुर। वार्षिक परीक्षाओं के बाद नया शिक्षा सत्र शुरू हो गया है। 20 मई से गर्मी की छुट्टी होगी। इस बार गर्मी की छुट्टियों में छात्रों को सही दिशा देने के लिए कॅरिअर काउंसलिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस शिविर के माध्यम से युवाओं को उनके भविष्य के विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। इससे वे बेहतर निर्णय लेकर आत्मनिर्भर बन सकें। 10वीं और 12वीं की परीक्षा के बाद अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हो गई हैं। इसको ध्यान में रखते हुए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कॅरिअर काउंसलिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इन शिविरों के लिए जिले के राजकीय विद्यालयों का चयन किया जाएगा। आसपास के स्कूलों के छात्र-छात्राओं को इसमें शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके। शिविरों में विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं से संवाद करके उन्हें आगे की पढ़ाई, कॅरिअर विकल्पों और भविष्य की चुनौतियों के बारे में जानकारी देंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि राजकीय विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग शिविर के लिए सूची तैयार की जा रही है। बताया कि इन शिविरों में विशेषज्ञों के साथ जिला स्तरीय अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।