भदोही तहसील के 47,471 राशन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी नहीं हुई है। इससे उनका राशन कार्ड से नाम कटने का खतरा मंडरा रहा है। उपभोक्ताओं ने जल्द ई-केवाईसी नहीं कराई तो अगले महीने से उनके हिस्से का राशन कार्डधारक को नहीं मिलेगा। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत राशन कार्ड धारकों को 30 अप्रैल तक हर हाल में ई-केवाईसी करानी है। इसके लिए पूर्ति विभाग की ओर से अभियान चलाकर कार्डधारकों की ई-केवाईसी की जा रही है। ई-केवाईसी होने के बाद राशन की कालाबाजारी रुकेगी। जिले की भदोही तहसील में कुल 264339 कार्डधारक हैं। इसमें अब तक 47471 लोगों की ई-केवाईसी नहीं हो सकी है। अब तक तहसील के 82 फीसदी कार्डधारकों की ईकेवाईसी हो चुकी हैं। वहीं 18 फीसदी कार्डधारकों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है। पूर्ति निरीक्षक संगीता यादव ने बताया कि राशन कार्ड धारक संबंधित कोटेदार की दुकान पर जाकर ई-केवाईसी करा लें। केवाईसी नहीं कराने पर राशन कार्ड से उनका नाम कट जाएगा।