बाबूसराय हाईवे पर ढाबा के सामने खड़े ट्रक में घुसी कार के उड़े परखच्चे। संवाद
- फोटो : 1
बाबूसराय। हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण शुक्रवार को हादसा हो गया। कटका गोदाम के समीप दोपहर करीब तीन बजे किनारे खड़े ट्रक में कार घुस गई।
इसमें कार की अगली सीट पर बैठी प्रगति खंडेलवाल (27) और उसके ससुर प्रभात अग्रवाल (63) निवासी चिलबिला प्रतापगढ़ की मौत हो गई। जबकि पति शिवम अग्रवाल घायल हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल (30) अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल और कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल को वाराणसी इलाज के लिए लेकर गए थे। उपचार के बाद तीनों कार से लौट रहे थे।
इस दौरान दोपहर करीब तीन बजे कटका गोदाम के पास राजमार्ग के किनारे खड़े ट्रक में कार जा घुसी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रगति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि प्रभात अग्रवाल की एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक औराई राजेश कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसी महिला के शव को बाहर निकाला। इससे हाईवे के दक्षिणी लेन पर आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस बल ने वाहनों को हटाकर आवागमन सामान्य कराया। घटना के बाद वहां खड़े वाहनों के चालक ट्रक एवं ट्रेलर लेकर भाग गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने कहा कि वाहनों को कब्जे में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।