घोसिया। औराई कोतवाली के वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर शुक्रवार की सुबह कोठरा के पास रोडरोलर और कार की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक प्रयागराज का रहने वाला था।
प्रयागराज के अल्लापुर निवासी राजेंद्र जायसवाल अपने पत्नी संध्या व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कार से होकर वाराणसी अपने रिश्तेदार के यहां गृह प्रवेश में गए थे। कोठरा गांव के सामने हाईवे की उत्तरी मुख्य लेने पर सड़क बनाने वाली रोलर डामर और गिट्टी मिलाने वाला मिक्सराल मशीन को टोचन करके ले जा रहा था। फ्लाईओवर के पश्चिमी छोर पर अभी 50 मीटर गया ही होगा की रोलर से मैक्सराल का टोचन टूट गया और पीछे तेजी से बैक होते हुए भागने लगा। राजेंद्र जायसवाल की कार उससे भिड़ गई। इसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास लोगों और पुलिस प्रशासन के सहयोग से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने राजेन्द्र जायसवाल (55) को मृत घोषित कर दिया। वही संध्या (53), बिंदु (49), इशिता (20) को गंभीर चोट के कारण ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। खबर मिलने के बाद परिवार के अन्य सदस्य औराई पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार वालों की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।