टीजीटी की परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : योगेश कुशवाहा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा बुधवार को जिले में छह केंद्रों पर हुई। दोनों पालियों में 1790 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों में 4029 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
2239 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सुबह आठ बजे ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। गेट पर चेकिंग के दौरान अभ्यर्थियों की बेल्ट व जेब में रखे सिक्के भी निकलवा लिए गए।
वहीं कुछ केंद्रों परजूते भी उतरवा लिए गए। गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष में प्रवेश दिया गया। शारीरिक संचरना और इतिहास के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को परेशान किया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रों पर भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
जिले में इस परीक्षा के लिए काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर में दो, विभूति नारायण राजकीय इंटर काॅलेज ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज ज्ञानपुर, एमए समद इंटर काॅलेज भदोही व श्रीइंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर काॅलेज भदोही केंद्र बनाए गए थे। जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कानरा महाविद्यालय वीएन जीआइसी ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
कक्ष निरीक्षकों सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारियों को पूरी तरह नकल विहीन परीक्षा कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही केंद्र पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए की गई बिजली, पानी आदि व्यवस्था का भी अवलोकन किया।