ज्ञानपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा शुरू होने के चंद मिनट में ही रविवार को निरस्त हो गई। इससे परीक्षा देने आए अभ्यर्थी निराश हो गए। व्यवस्था के खिलाफ कई केंद्रों पर अभ्यर्थी नाराज भी दिखे, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के कारण वह विरोध नहीं जता सके। सोशल मीडिया पर दिन भर सरकार और व्यवस्था के खिलाफ व्यंग लिखे गए। केंद्रों पर बंटी ओएमआरसीट और प्रश्नपत्र को एकत्रित कर विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में रखा गया। जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए सुबह 19 केंद्र और दोपहर की पाली में 13 केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली की परीक्षा को लेकर काशी नरेश राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रो पर सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी और उनके परिवारीजन पहुंचने लगे। सुबह साढ़े नौ बजे से केंद्रों पर जांच के बाद अभ्यर्थी अपने-अपने कक्षों में जाने लगे। प्रश्नपत्र और ओमएमआर सीट का वितरण अभी हुआ था कि शासन का निर्देश मिलते ही परीक्षा ही निरस्त हो गई। यह सुनकर अभ्यर्थी निराश मन से केंद्रो से बाहर निकले और अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए। मोढ़ के सेवासदन इंटर कॉलेज में परीक्षा देने आए प्रवीण पाल, अभयराज यादव, सीताराम बिंद, नीरज मौर्य, आकाश दूबे और रजनीश सिंह ने परीक्षा निरस्त होने पर नाराजगी जताई। कहा कि महीनो की तैयारी पर पानी फिर गया। जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर परीक्षा निरस्त हुई। ओएमआरसीट और प्रश्नपत्र को जीआईसी में सुरक्षित रखा गया है।