ज्ञानपुर। सुरक्षा के लिहाज से जिले के सभी 10 थानों और कोतवाली को लैस कर दिया गया है, हालांकि निगरानी न होने से दो थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हो गए हैं। जिससे उक्त थानों में होने वाली गतिविधियां कैमरे में कैद नहीं हो पा रही है। थानों को अत्याधुनिक बनाने के लिए उन्हें हाईटेक किया जा रहा है। वाईफाई से लैस थानों में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि थानों में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। इस कैमरे से थाने के मुंशियों और सिपाहियों पर रिश्वत लेने के आरोपों की जांच करने में भी उच्चाधिकारियों को आसानी रहती है। यदि कोई पीड़ित पुलिस पर फर्जी आरोप लगाता है तो उसका खुलासा करने में भी सीसीटीवी कैमरे मदद करते हैं, लेकिन अगर बात चौरी थाने की करे तो यहां लगे सीसीटीवी कैमरे पिछले कई दिन से खराब पड़े हैं। रिकार्डिंग सिस्टम भी फेल पड़ा है। डीवीआर में खराबी आने की वजह से रिकार्डिंग भी नहीं हो पा रही है। थानेदार भी कैमरे ठीक करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। इसी तरह अति संवेदनशील कोतवाली भदोही में पांच कैमरे में दो खराब हो गए हैं। इसके अलावा शेष सात थानों और कोतवाली के कार्यालय और परिसर के अधिकांश भाग कैमरे की जद में है। कोइरौना और दुर्गागंज थाने में दो कैमरे लगे हैं। एक मुय गेट पर जबकि दूसरा अंदर लगा है। दोनो कैमरे चालू हालत में है। औराई कोतवाली में छह कैमरे लगे हैं, जिसमें एक मुख्य गेट और पांच बंदर है। सभी चालू है। भदोही कोतवाली में लगे पांच कैमरे में दो खराब है, जबकि यह जिले का सबसे संवेदनशील कोतवाली है। चौरी थाने में लगे दोनो सीसीटीवी कैमरा खराब है जबकि यह तीन जिलों की सीमा पर स्थित है। ज्ञानपुर कोतवाली के पांच, गोपीगंज में छह, ऊंज में पांच कैमरे चालू हालत में है। महिला थाने में लगा कैमरा भी चल रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। तकनीकी दिक्कत से कोई कैमरा बंद है तो उसे चालू कराया जाएगा।