ज्ञानपुर। हाईवे के किनारे अवैध ढंग से बने मकानों पर एनएचएआई का बुलडोजर चलेगा। औराई तहसील क्षेत्र के पर्वतपुर, गोपपुर, चौरा, हुसैनीपुर, जयरामपुर समेत आधा दर्जन से अधिक स्थानों को चिह्नित किया गया है। जल्द ही ऐसे मकानों पर कार्रवाई शुरू होगी।
दो वर्ष पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कार्यदायी संस्था जीआर इंफ्रा के साथ कर शुरू कराकर सिक्सलेन अंतर्गत बनने वाले ओवरब्रिज, अंडरपास, नाला, सर्विसलेन, बस स्टैंड आदि के लिए जमीनों का भी अधिग्रहण किया लेकिन औराई तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक स्थानों के अधिग्रहण का मामला कानूनी दांवपेंच में उलझ गया है। इससे न सर्विस लेन का निर्माण संभव हो पा रहा है न ही नाला का। गोपपुर स्थित कालीन कंपनी ओबीटी से पर्वतपुर तक बनने वाली सर्विसलेन का मामला तूल पकड़ते ही प्राधिकरण ने लेन में व्यवधान खड़ा कर रहे अवैधानिक ढंग से बने मकान स्वामियों से कई बार नोटिस और मनुहार कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का कोई असर नहीं पड़ सका।
मामला औराई एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक के संज्ञान में होने के बाद भी कुछ नहीं हो सका। परियोजना निदेशक एनएचएआई अश्वनी राय का कहना रहा कि पर्वतपुर, जयरामपुर, हुसैनीपुर सहित आधा दर्जन स्थानों पर निर्माण कार्य न होने से आवागमन, जलनिकासी की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। चार दिनों में अतिक्रमणकारी स्वयं अतिक्रमण न हटा सके तो जिला प्रशासन से अनुमति लेकर बुलडोजर चलवाने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।