केशवपुर सरपतहां में अवैध प्लाटिंग को तोड़ता जेसीबी। संवाद
ज्ञानपुर। केशवपुर सरपतहां में डीएम कार्यालय एवं आवास के आसपास हो रहे अवैध प्लाटिंग पर बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। बिना नक्शे के होने वाले निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। इससे प्लाटिंग करने वालों में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने नक्शा के लिए आवेदन की दलील दी तो उन्हें दो दिन का समय दिया गया।
जिले में बेरोकटोक अवैध प्लाटिंग का कारोबार चल रहा है। ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, सुरियावां आदि क्षेत्रों में बिना नक्शा एवं अनुमति लिए बिना ही अवैध निर्माण किया जा रहा है। केशवपुर सरपतहां में कुछ महीने पहले राधेश्याम, राम शृंगार सहित 12 लोगों ने प्लाटिंग शुरू की। इस दौरान किसी ने नक्शा नहीं पास कराया। विनयिमित क्षेत्र की ओर से सभी को नोटिस जारी किया गया, लेकिन किसी ने उसका जवाब नहीं दिया। डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर बुधवार को एसडीएम ज्ञानपुर भान सिंह, तहसीलदार अजय सिंह पुलिस बल के साथ करीब आठ निर्माण को ध्वस्त कराया। तहसीलदार ने बताया कि नोटिस देने के बाद भी नक्शा पास नहीं कराया गया। इसके बाद कार्रवाई की गई। इस मौके पर लेखपाल रजनीश बघेल आदि रहे।