2012 बैच के बीटीसी प्रशिक्षुओं ने शुक्रवार को प्रायोगिक परीक्षा कराए जाने में हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए डायट पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रशिक्षुओं का कहना था कि राजनीतिक दबाव में आकर प्रभारी डायट प्राचार्य प्रायोगिक परीक्षा नहीं करा रहे हैं।
प्रशिक्षुओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि शासन से निर्धारित समय के अंदर प्रायोगिक परीक्षा नहीं कराई गई तो वे उच्च न्यायालय की शरण में जाने और आमरण अनशन पर बैठने को विवश हाेंगे।
इसकी पूरी जिम्मेदारी डायट की होगी।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का हक किसी को नहीं है। इससे पूर्व 50 से अधिक की संख्या में बीटीसी प्रशिक्षु कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी को पत्रक देते हुए जल्द से जल्द प्रायोगिक परीक्षा कराने का अनुरोध किया।
इस पर जिलाधिकारी का कहना था कि परीक्षा कराने के लिए वे विभाग के मुख्य सचिव से मिलकर अपनी बात रखें।
उधर इस संबंध में प्रभारी प्राचार्य डायट सह जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओम प्रकाश गुप्ता का कहना है कि 2012 बैच के बीटीसी प्रशिक्षुओं की समस्या से महकमे को अवगत करा दिया गया है, उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है।