ज्ञानपुर। बेसिक विभाग की ओर से परिषदीय स्कूलों में चल रहे निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को बीएसए भूपेन्द्र नारायण सिंह सहित सभी बीईओ ने अपने-अपने क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सात अध्यापक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। जिसे लापरवाही मानते हुए बीएसए ने सभी को एक दिन का वेतन रोक दिया। निरीक्षण के दौरान औराई खंड शिक्षा अधिकारी यशवंत सिंह ने विठ्ठलपुर व बडगांव का निरीक्षण किया। जहां दो शिक्षा मित्र व एक अनुदेशक अनुपस्थित मिले। वहीं मुख्यालय बीईओ रमाकांत सिंह ने सुरियावां के हरिहरपुर, अबरना में दो शिक्षा मित्र गायब रहे। इसी तरह नगर शिक्षा अधिकारी चन्द्रशेखर आजाद ने भदोही ब्लॉक के मछवार पहुंचे। जहां सहायक अध्यापक गायब रहे। वहीं बीईओ सुमन केसरवानी ने ज्ञानपुर के समस्तीराजपुतानी स्कूल का निरीक्षण किया। जहां एक सहायक अध्यापक नदारद मिले। बीएसए ने सभी का वेतन रोकते हुए कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।