जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में भदोही हाफ मैराथन के विजेता धावक दर्शन सिंह को ट्राफी देते सीओ सीट?
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। आठवें भदोही हाफ मैराथन में रविवार को उत्तराखंड के दो सगे भाई छाए रहे। प्रथम और द्वितीय पुरस्कार पर दोनों ने कब्जा जमाया। दोनों सेना के जवान भी हैं। पांचवें स्थान पर आने वाले धावकों संग 15 अन्य को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
रविवार की सुबह करीब सात बजे जंगीगंज से भदोही हाफ मैराथन को बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 500 से अधिक धावकों ने एक दूसरे को पछाड़ने के लिए जोर आजमाइश की। करीब 21 किमी दौड़ में कई धावक रास्ते से ही हट गए, लेकिन हौसला न छोड़ने वाले धावकों ने दौड़ को पूरा किया। इस दौरान धावकों का लोगों ने उत्साह बढ़ाया। उत्तराखंड के रानीखेत निवासी दर्शन सिंह ने एक घंटे पांच मिनट का समय निकालकर पहला, वहीं के हरि सिंह ने एक घंटा पांच मिनट और एक सेकेंड में दौड़ पूरा कर दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों सगे भाई हैं और सेना के जवान है। गोपीगंज के गहरपुर के वासुदेव निषाद ने तीसरा, वाराणसी के चंदन भारद्वाज ने चौथा, इटावा के शुभम यादव ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
जिला स्टेडियम मूंसीलाटपुर में समापन समारोह के मुख्य अतिथि सीओ सिटी जौनपुर जितेंद्र दूबे और जीडीसी बांदा रमेश पांडेय ने धावकों को मेडल और चेक देकर पुरस्कृत किया गया। प्रथम विजेता को 71 हजार, द्वितीय को 41 जबकि तृतीय को 21 हजार का पुरस्कार दिया गया। 15 धावकों को एक-एक हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया। आयोजक मनीष पांडे ने बताया कि हाफ मैराथन में कुल 500 धावकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर रत्नेश्वर त्रिपाठी, प्रवीण सिंह, राजेंद्र बघेल, आनंद पांडेय, शिकारी पाठक, रवि ठाकुर, दिनेश चंद्र पाल, मुकुल त्रिपाठी आदि रहे।