चौरी। थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में बुधवार को जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाई आपस में भीड़ गए। दोनों में जमकर मारपीट हुई। इस बीच एक भाई ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे भदोही रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव के हृदयनारायण दुबे (75) और राजपति दुबे (65) आपस में सगे भाई हैं। दोनों भाइयों में लम्बे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। पीड़ित हृदय नारायण दुबे का आरोप है कि मैंने पहले ही पुलिस चौकी पर इस मामले में जान माल की रक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। बुधवार को सुबह एक बार फिर जमीन के विवाद को लेकर दोनों भाई आमने-सामने हो गए। मारपीट के दौरान राजपति दुबे ने अपने बड़े भाई हृदयनारायण दुबे पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन घायल को तत्काल चौरी बाज़ार के एक निजी अस्पताल ले कर गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने मरीज को भदोही के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राजपति दूबे को हिरासत में लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घायल की स्थिति सामान्य है और घर पर है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।