ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही धीमी हुई है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। लापरवाही हुई तो लेने के देने पड़ सकते हैं। मगर हैरत की बात यह है कि इसके बावजूद भीड़ खतरे के प्रति लापरवाह बनी है। बृहस्पतिवार को धनतेरस के दिन कई स्थानों पर भीड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हुई।
जिले में अप्रैैल से कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला अभी तक थमा नहीं है। अब तक दो हजार के करीब संक्रमित मिल चुके हैं। शासन से लेकर प्रशासन की ओर से तमाम दिशा-निर्देश जारी किया जाता है लेकिन उसका असर नहीं दिखता। बृस्पतिवार को धनतेरस के दिन बाजार में यही देखने को मिला। ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर, पुरानी कलेक्ट्रेट, राजा पार्क, गोपीगंज और भदोही के बाजारों में सामाजिक दूरी का किसी ने ध्यान ही नहीं दिया। दुकानों पर खरीदारी के लिए लोग एक दूसरे से सटे रहे। बर्तन, बाइक शोरूम, सर्राफा, पूजन-सामग्री सभी दुकानों पर भीड़ दिखी। ऐसे में कोई भी संक्रमित व्यक्ति अगर दुकानों पर पहुंच जाए तो स्थिति संक्रमण कई लोगों में फैल सकता है।
कोरोना के चार नए संक्रमित मिले
ज्ञानपुर। कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ब़ृहस्पतिवार को चार नए मरीज मिलने से संख्या 1970 के करीब पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो संक्रमितों में ज्ञानपुर नगर में अधेड़, गोपीगंज में युवक, मनोहरपुर में युवती और लालीपुर करियावं में वृद्ध शामिल है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेट किया जा रहा है। अब तक मिले संक्रमितों के सापेक्ष एक्टिव केस की संख्या मात्र 60 है।