गोपीगंज डा. जयन्त माथ़र के अस्पताल में चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
गोपीगंज। मंडी चौकी क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिलर संख्या 38 के सामने स्थित डॉ. जयंत माथुर के निजी अस्पताल में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने अस्पताल में लगे 11 ताले तोड़कर 75 हजार नकदी, दवाइयों सहित सीसीटीवी का डीवीआर चोरी कर लिया। यह दावा पीड़ित डॉक्टर ने किया है। वाराणसी के रहने वाले डॉ. जयंत माथुर का गोपीगंज में निजी अस्पताल है। वे दिन में ओपीडी करते हैं। रात में अस्पताल बंद रहता है। हर दिन की तरह बुधवार को भी वे ओपीडी के बाद अस्पताल बंद करके चले गए।
अस्पताल परिसर में मेडिकल स्टोर चलाने वाले नंदकिशोर यादव की दुकान से चोरों ने लगभग 53 हजार रुपये की चोरी की है। डॉक्टर ने बताया कि सुबह जब कर्मचारी अस्पताल खोलने के लिए पहुंचे तो मुख्य दरवाजे सहित अंदर के सभी कमरों के ताले टूटे थे। अंदर जाकर देखा तो मेडिकल स्टोर और अन्य कमरों में सामान बिखरा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंची। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि जांच के बाद पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।