ज्ञानपुर (भदोही)। घरों में सेंध लगाकर चोरी, हत्या, लूट जैसे जघन्य अपराध कर जनमानस में भय व्याप्त करने वाले गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई की है। कल्लू उर्फ अनवर के अपराधों के दृष्टिगत प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी के लिए आपराधिक माफिया घोषित करते हुए गैंग पंजीकृत कर लिया है। इस गैंग में छह और सदस्य शामिल हैं। पुलिस विभाग की ओर जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रभारी निरीक्षक सुरियावां की गहन छानबीन व क्षेत्राधिकारी भदोही एवं अपर पुलिस अधीक्षक भदोही की संस्तुति के आधार पर आरोपी कल्लू उर्फ अनवर उर्फ शहजादे उर्फ डंगर पुत्र जौहर उर्फ जलालू उर्फ जलालुद्दीन मूल पता बहुता नेवादा थाना कोतवाली पट्टी जनपद प्रतापगढ़ व हाल पता अंबेडकर नगर कस्बा थाना सुरियावां जनपद भदोही के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कल्लू को गैंग लीडर घोषित किया गया है। कल्लू पर विभिन्न मामलों के कुल 63 अभियोग पंजीकृत हैं। गैंग के अन्य सदस्यों में राजू पुत्र कल्लू , चांद बाबू उर्फ चंदू, सबीना, पप्पू उर्फ अरशद, जुगनू उर्फ अजीम, सोनू सभी निवासी बहुता नेवादा केेतवाली पट्टी जनपद प्रतापगढ़ हैं।