औराई (भदोही)। अंतर प्रांतीय दुद्घी-लुबिनी मिर्जापुर मार्ग स्थित शास्त्री पुल पर मंगलवार की सुबह से ब्रेक लगने के कारण औराई-मिर्जापुर मार्ग, अंतरराष्ट्रीय चौराहा राजमार्ग-औराई पर सन्नाटा पसर उठा। डीएम मिर्जापुर के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने पुल में आई तकनीकी गड़बड़ी को दूर करने और लोड क्षमता मापने के लिए 16 से 19 मार्च की देर रात तक पुल पर आवागमन न कराने का सख्त पालन करा रहा है। पुलिस प्रशासन पुल को जोड़ने वाले चौराहे, तिराहे पर बैरि केडिंग लगाकर पूरी मुस्तैदी दिखाई।
चर्चा रही कि जौनपुर से भदोही, औराई और मिर्जापुर, सोनभद्र, सीधी, मध्यप्रदेश आदि अंतर प्रांतीय महानगरों को पहुंचने के लिए शास्त्री पुल से ही आवागमन लगा रहता है। छोटे-बड़े निजी सवारी वाहन, गिट्टी-बालू, मोरंग की ढुलाई में ट्रकों से कभी अंतरराष्ट्रीय चौराहा औराई मुक्त नहीं हो सका था लेकिन एक दिन की सख्ती से औराई-मिर्जापुर मार्ग सन्नाटे में दिखा। दाएं-बाएं से पुल को पहुंचने वाले मार्गों के किनारे माल वाहक, ट्रकों को खड़ा कर चालक आराम फरमाते रहे।
एक्सईएन लोक निर्माण विभाग हीरामणि वर्मा ने बताया कि मिर्जापुर प्रशासन के निर्देश का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदारी संभाल लिया है। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बैरि केडिंग लगाकर अनजान वाहन चालकों को रोका जा रहा है। अधिक संख्या में वाहनों की भीड़ न होने का संकेत है कि चालक यह जान चुके हैं कि चार दिन तक पुल से आवागमन नहीं होने पाएगा।