भदोही। डा.श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदोही की ओर से टीकाकरण शिविर लगाया गया। शिविर में 18 वर्ष से उपर के उन छात्र-छात्राओं को बूस्टर डोज दिए गए जो पहले से दो डोज ले चुके थे। कैंप का शुभारंभ प्राचार्य डा. मुरलीधर राम गुप्ता ने किया और कहा कि अभी भी कोविड से बचाव के सुरक्षात्मक उपाय अपनाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव के उपाय में भारत सरकार ने त्वरित पहल की। इसका नतीजा है कि आज हम 18 वर्ष से उपर से सभी लोगों को बूस्टर डोज देने की स्थिति में पहुंच सके हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमरनाथ ने छात्र-छात्राओं को परिवार के सभी सदस्यों को बूस्टर डोज लगवाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को देखते हुए छात्रों को कृमि नाशक दवाएं भी दी गई।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डा.श्वेता सिंह ने बताया कि शिविर में 160 छात्राओं, 120 छात्रों को तथा सभी स्टाफ को कृमि नाशक दवाएं और बूस्टर डोज दिया गया। कैंप में डॉ. आशुतोष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. गौतम गुप्ता, डॉ. अनुराग सिंह, रोवर्स प्रभारी डॉ. रुस्तम अली, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. अमित तिवारी, आशीष जायसवाल, पूनम द्विवेदी, डॉ. अंकिता तिवारी, डॉ. शिखा तिवारी आदि ने सहयोग किया।