कोतवाली के मुसीलाटपुर गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। भाई के अनुसार मुंसीलाटपुर निवासी सुरेंद्र गौतम की शादी सात साल पहले कंचन गौतम (28) के साथ हुई थी। दोनों के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच साल का बेटा दीवान और तीन व एक साल की दो बेटियां शामिल हैं। कंचन का शव सुबह करीब 10 बजे कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका पाया गया। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर डायल 112 और स्थानीय कोतवाली पुलिस के साथ फाॅरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। मृतका के पति सुरेंद्र गौतम का कहना है कि घटना से पहले घर में कोई विवाद या मारपीट नहीं हुई थी। वह पानी पीने बगल में गए थे और बेटा मोबाइल देख रहा था, तभी कंचन ने यह कदम उठा लिया। कोतवाली प्रभारी शैलेष कुमार राय ने बताया कि मृतका के भाई संतोष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।