आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। परिषद के निर्देश पर प्रधानाचार्यों की ओर से 25 सितंबर तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे। अब तक 190 विद्यालयों ने अपने यहां केंद्र बनाने के लिए आवेदन किया है। परीक्षा केंद्रों के लिए 20 नवंबर तक आपत्ति दर्ज की जाएंगी और जनपदीय समिति आपत्तियों का निस्तारण कर 28 नंवबर तक केंद्रों का निर्धारण करेंगी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन कराने के लिए परिषद ने तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड सचिव का पत्र आने के बाद शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्यों को 25 सितंबर तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानाचार्य विद्यालय में उपयुक्त संसाधन का विवरण भी वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। केंद्रों की जांच के लिए जिलाधिकारी स्तर से तहसील स्तरीय समिति का गठन कर 30 सितंबर तक जियो लोकेशन अपलोड कराई जाएगी।
15 अक्तूबर तक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करने के बाद 20 अक्तूबर तक सत्यापन की रिपोर्ट अपलोड की जाएगी। दो नवंबर तक छात्र संख्या के आधार पर केंद्रों का निर्धारण कर वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। छह नवंबर तक परीक्षा केंद्रों की सूची का प्रकाशन कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। 11 नवंबर तक आपत्तियों का निस्तारण जनपदीय समिति के अनुमोदन की आख्या वेबसाइट पर अपलोड कराई जाएगी।
20 नवबर तक परीक्षा केंद्राें की त्रुटियों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 28 नवंबर तक परीक्षण के बाद केंद्रों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने दी।