थानाक्षेत्र के चंद्रपुरा गांव में बुधवार को भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चटकीं और ईंट-पत्थर चले। इसमें 14 लोग घायल हो गए। उन्हें नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों में आधा दर्जन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
चंद्रपुरा गांव में दूधनाथ यादव और हीरालाल यादव के बीच जमीन को लेकर काफी पहले से रंजिश चली रही है। इसको लेकर आए दिन विवाद होता रहता था। बुधवार को एक बार भी दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया और ईंट, पत्थर, लाठी और रॉड चलने लगे। इसमें एक पक्ष से मदनलाल यादव (30), सुलेख यादव (32), राधा (28) पत्नी सुलेख, राजेंद्र (50), गोली (18) केवला देवी (45) और दूधनाथ यादव (60) घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से अनिल (20), सुनील (25), मालती देवी (25) पत्नी हरिशंकर, जयकिशन (12) पुत्र हरिशंकर धर्म राज (16), रीना देवी (19) पत्नी अनिल यादव हीरालाल (65) घायल हो गए। गांव में इस तरह मारपीट होते देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मारपीट से मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी तरह बीच बचाव करके ग्रामीणों ने मामले को शांत कराया। सीएचसी में इलाज के बाद छह लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन की गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों से सात-सात लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है।