ज्ञानपुर।गोपीगंज- ज्ञानपुर मार्ग पर सिंहपुर गांव के समीप ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क पर जाम लगा दिया। इससे आधे घंटे से अधिक समय तक वाहनों का आवागमन ठप रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अफसरों के समझाने पर जाम समाप्त हुआ। उधर लोगों की नाराजगी को देखते हुए देर शाम तक लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी ब्रेकर बनवा दिया। जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पूर्व में ज्ञानपुर- गोपीगंज मार्ग पर सिंहपुर के समीप दो ब्रेकर बने थे, लेकिन सड़क के चौड़ीकरण के दौरान उक्त ब्रेकर को हटा दिया गया है। इससे वाहन चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं।
सोमवार को वाहन की चपेट में आने से सिंहपुर गांव के मासूम अभिनव पांडेय की मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सुबह करीब आठ बजे ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान लोग प्रशासन को कोसते नजर आए।
जाम लगते ही गोपीगंज और ज्ञानपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे लोग हलाकान नजर आए। लोगों ने कहा मार्गो पर ब्रेकर न होने से आए दिन हादेस होते रहते हैं। खबर मिलने पर कोतवाली प्रभारी नवीन तिवारी समेत प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने लोगों का समझाया । आश्वासन मिलने के बाद अंततः ग्रामीणों ने आधे घंटे के बाद जाम को समाप्त कर दिया। देर शाम तक अस्थायी ब्रेकर बनाया गया।