सोमवार को ब्लॉक प्रमुखी चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद से जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। जिले में शांतिपूर्ण ढंग से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव सकुशल संपन्न कराना प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती से कम नहीं होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराकर प्रशासन अभी राहत की सांस नहीं ले पाया था कि राज्य निर्वाचन आयोग ने ब्लॉक प्रमुख पद का चुनाव कराने के लिए अधिसूचना आयोग ने सोमवार को जारी कर दिया। जिले के छह ब्लॉक ज्ञानपुर, भदोही, डीघ, अभोली, सुरियावां और औराई के 661 क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमुख चुनेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार की ओर से जारी पत्र में आठ जुलाई को नामांकन, जांच, नौ जुलाई को नाम वापसी, 10 जुलाई को सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक मतदान और तीन बजे के बाद मतगणना होगी। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने बताया कि चुनाव की तैयारी करीब-करीब पूरी हो चुकी है। मंगलवार से सभी ब्लॉकों पर नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर अधिसूचना जारी होते ही उम्मीदवार क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रिझाने में भोर से रात तक लग गए हैं।