थाना क्षेत्र के धनापुर गांव में रविवार की रात मनबढ़ चोरों ने दरवाजा की जाली काटकर सवा लाख नकद और लगभग पांच लाख के आभूषण लेकर भाग गए। जानकारी पर सीओ औराई स्क्वायड टीम के साथ जांच घटना स्थल का जायजा लिया। पीड़ित व्यापारी अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि वह मूलत: जौनपुर के नेवढ़िया के निवासी हैं और 20 वर्ष से धनापुर में मकान बनाकर मयपरिवार रहते हैं। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बक्सा बनाने का व्यापार करते हैं। रविवार की रात में पूरा परिवार खाना खाकर नींद ले रहा था उसी दौरान मौके देखकर चोरों ने मुख्य दरवाजे की जाली काटकर अंदर घुस गए और आलमारी, बक्सा व अटैची तोड़कर सवा लाख नकद व आभूषण लेकर भाग गए। चोरी की घटना को अंजाम देते समय चोरों ने कमरे में में सो रहे लोगों को बाहर से बंद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन माह में दर्जन भर से अधिक मकानों को निशाने बनाने वाले चोरों के साथ पुलिस मात्र शह-मात का खेल रच रही है और चोर प्रतिदिन किसी न किसी परिवार को निशाना बना रहे हैं। गश्त के लिए थाना, कस्बा चौकी के साथ दो-तीन वाहन 112 नंबर के वाहन पर तैनात जवान दिन-रात सुरक्षा का दावा करते हैं जिसका चोरों पर कोई असर नहीं दिख रहा। सीओ औराई अजय कुमार ने बताया कि स्क्वायड टीम के साथ घटना की जांच जारी है।