चककलूटी गांव में आयोजित सदस्यता शिविर में बोलते एससी आयोग के अध्यक्ष रामदुलार राजभर।
ज्ञानपुर। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामदुलार राजभर ने कहा कि भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई। सूबे में जब से भाजपा की सरकार बनी है, अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। जनता तीन माह के कार्यकाल से ही परेशान हो गई है। गड्ढामुक्त सड़क का दंभ भरने वाली सरकार एक भी सड़क को सही नहीं कर सकी।
वह बुधवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य मेवालाल यादव के चककलूटी आवास पर आयोजित सदस्यता अभियान में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग परेशान होने वाले नहीं हैं। जनता की सेवा कर फिर से सत्ता को हासिल करेंगे। भदोही ब्लॉक प्रमुख विकास यादव ने कहा कि सपा पर जातिवाद की तोहमत थोपने वाली पार्टी भाजपा सरकार एक जाति विशेष के लिए काम कर रही है। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर ओमप्रकाश यादव, कैलाश यादव, कल्लन यादव, हृदय प्रजापति, मनोज यादव, वजीर आलम, कल्लूराम यादव, मेवा पासी समेत कई लोग मौजूद रहे।