ज्ञानपुर। बच्चे जन्मदिन को लेकर खासे उत्साहित रहते हैं, मगर माधोसिंह की दो बच्चियों कोठारी सिस्टर्स ने मंगलवार को अलग मिसाल पेश की। उनके योगदान की दिनभर चर्चा होती रही। आखिर हो भी क्यों न। जन्मदिन की खुशियों को दरकिनार कर उस पर आने वाले खर्च 51 हजार रुपये का योगदान दोनों ने पीएम केयर फंड में दान कर दिया।
मंगलवार को बड़ी बहन अपर्णा कोठारी ने चेक जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद को सौंपा। यद्यपि 10 साल की अपर्णा का जन्मदिन 11 नवंबर को पड़ता है और छोटी बहन मनस्वी का पांच मई को, लेकिन छोटी बहन के जन्मदिन पर कोरोना केयर फंड में योगदान कर बड़ी बहन ने तय किया वह भी अपना आने वाला जन्मदिन नहीं मनाएगी। कोरोना महामारी से निपटने के लिए सरकार कोष में दोनों बहनों ने दान करने का निर्णय लिया। पिता पीयूष कोठारी संग अपर्णा ने 51 हजार का चेक मंगलवार को जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद को दिया। सहसेपुर के पूर्व प्रधान राम प्रकट दूबे के भतीजे विपुल दूबे ने भी पीएम राहत कोष में 20 हजार का दान किया। उन्होंने चेक डीएम को सौंपा।