भदोही में सुरियावां थानाक्षेत्र के मऊरामशाला के समीप मंगलवार को बदमाशों ने फीनो संचालक बैंक मित्र को गोली मारकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने घायल बैंक मित्र को सीएचसी सुरियावां में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि बैंक मित्र के हाथ में गोली लगी है।
नवादा रोही गांव निवासी विनोद दूबे (42) यूनियन बैंक की ज्ञानपुर शाखा से बैंक मित्र है। मंगलवार को वह बैंक से पैसा निकालकर अपने घर वापस आ रहे थे। मऊरामशाला के समीप पहुंचे थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया और बैग छीनने लगे। विनोद ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने गोली चला दी जो उसके हाथ में लग गई।
इसके बाद बदमाश बैग छीनकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से वह सुरियावां थाने पहुंचे। जहां थाना प्रभारी ने सीएचसी सुरियावां में भर्ती कराया। हाथ में गोली फंसने के कारण बैंक मित्र को जिला अस्पताल ज्ञानपुर रेफर किया गया। थाना प्रभारी विश्वजीत राय ने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।