थाना क्षेत्र के ममहर बाजार के पास बृहस्पतिवार की रात सड़क दुर्घटना में घायल युवक की शुक्रवार को वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है।
चौरी-महराजगंज मार्ग पर ममहर बाजार के पास बृहस्पतिवार की देर रात बाइक और साइकिल में भिड़ंत हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। गंभी रूप से घायल बाइक सवार दो लोगों को एबुलेंस से भदोही पहुंचाया गया। वहीं साइकिल सवार को ममहर के एक निजी चिकित्सालय में स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से भर्ती कराया गया।
हालत गम्भीर देख बाइक सवार घायल बटेश्वर चौहान (40) व कृष्णा सिंह (25) निवासी दरूनहां को चिकित्सकों ने वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। शुक्रवार को ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान बटेश्वर चौहान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक की दिमागी हालत कुछ ठीक नहीं थी। वह ट्रैक्टर पर बालू लादने का काम करता था।
उधर साइकिल सवार बहुतरा खुर्द निवासी गफ्फार (22) का इलाज ममहर के एक निजी चिकित्सालय में चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सरोज ने कहा कि घायल व्यक्ति की मौत हो जाने की सूचना नही हैं। प्रधान अखिलेश सिंह ने बताया कि घायल बटेश्वर चौहान की इलाज के दौरान मौत हो गई है।