रेवड़ापरसपुर में अवैध प्लाटिंग लेआऊट को ध्वस्त करता बीडा का बुलडोजर। स्रोत- संवाद
- फोटो : credit
भदोही। अनधिकृत रूप से प्लाटिंग के लिए विकसित किए गए ले आउट को बुधवार को भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) अधिकारियों ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। नगर के रेवड़ापरसपुर में लगभग तीन बीघे रकबे पर प्लाटिंग ले-आउट को ढहाने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम न्यायिक बरखा सिंह मौजूद रहीं। बीडा की उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनीता देवी ने बताया कि रेवड़ा परसपुर के रामसागर राय व करुणा सागर राय ने बीडा अधिसूचित क्षेत्र में अनधिकृत रूप से ले-आउट बना लिया था।
इसकी शिकायत मिलने के बाद उप्र औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम के तहत निर्माणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्हें काम रोकने का निर्देश दिया गया था। बीडा की ओर से उन्हें पर्याप्त अवसर भी दिए गए लेकिन निर्माणकर्ताओं ने लेआउट स्वीकृत नहीं कराया। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी यह भी बताया कि बीडा अधिसूचित क्षेत्र में कुछ और अवैध प्लाटिंग वाले निर्माण मिले हैं, जिन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीडा अधिसूचित क्षेत्र में कोई भी प्लाट या फ्लैट खरीद करने के उपरांत उसका ले-आउट और भवन मानचित्र बीडा से स्वीकृत कराना अनिवार्य है।
जिन लोगों ने बिना मानचित्र के निर्माण करा लिया है। वे अपने उन्हें प्राधिकरण से विनियमित करा लें क्योंकि आने वाले दिनों में इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।