भदोही। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृतिका ज्योत्सना ने बृहस्पतिवार को रजपुरा बीडा कालोनी फेज-एक का निरीक्षण कर समस्याओं से रुबरु हुईं। इस दौरान उन्होंने कालोनीवासियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कालोनी की जल निकासी, साफ-सफाई, क्षति ग्रस्त नालियों और खस्ताहाल सड़कों और पार्कों की दशा सुधारने का आश्वासन दिया।
राजपुरा कालोनी में समस्याओं की भरमार है। इससे कालोनी वासी आजिज आकर गत दिनों बीडा कालोनी कल्याण समिति के बैनर तले बीडा कार्यालय में सीईओ से भेंट कर समस्याओं से अवगत कराते हुए कालोनी का निरीक्षण कर निदान की मांग की थी। समिति की मांग पर बृहस्पतिवार को सीईओ ने कालोनी का दौरा किया। समिति की ओर से अध्यक्ष रामू शर्मा ने उनका स्वागत किया जिसके बाद उन्हें कालोनी में भ्रमण कराया। भ्रमण के दौरान लोगों ने सीईओ को बताया कि हम लोगों को लगता नहीं कि हम लोग कॉलोनी में रहते हैं। कॉलोनी की साफ सफाई दयनीय है। आवश्यकता पड़ने पर समिति खुद साफ सफाई कराती है। लोगों ने उन्हें क्षतिग्रस्त नालियां, सामुदायिक भवन की जर्जर जाली, छत टपकने की समस्या समेत पार्कों की दशा से भी रूबरू कराया। सीईओ ने लोगों से कहा कि चार्ज लेने के बाद से वे निरंतर इस ओर ध्यान दे रही हैं। कहा कि सुधार कार्य शुरू करा दिए गए हैं। जीचे बेहतर होने में थोड़ समय लग सकता है। उन्होंने लोगों से इसमे सहयोग मांगा। इस मौके पर बबलू पांडेय, बसंत चांडक, जीतेंद्र जैन, संतोक गोलछा, हरीश चांडक, अशोक साबू, जेएस जैन, केके श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।