चेन चोरी के विवाद से बनी हत्या की योजना
एसपी के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सभी महाराष्ट्र के ठाणे में दोस्त हैं। उनमें से एक ने वहां एक डॉक्टर के घर से सोने की चेन चोरी की थी। चेन को औराई क्षेत्र के एक परिचित को बेचने के लिए दिया गया था। बाद में इस मामले को लेकर उनके एक साथी और परिचित के बीच मारपीट हो गई। परिचित ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी विवाद का बदला लेने और लूटपाट करने के इरादे से सातों महाराष्ट्र से भदोही आए थे। पुलिस के अनुसार, जिस व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना थी, वह भी पहले आरोपियों का दोस्त था और उनके साथ काम कर चुका था।
दो तमंचे, चार देसी बम और दो कारें बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, पांच लोहे के चाकू, चार देसी बम, सात मोबाइल फोन और 7,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई दो हुंडई कारें भी जब्त की गई हैं।
दो आरोपियों का महाराष्ट्र में आपराधिक इतिहास
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विपुल विजय शेट्टी और दिनेश वीरेंद्र जायसवाल के खिलाफ महाराष्ट्र के तिलकनगर थाने में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, जिस युवक की हत्या की योजना बनाई गई थी, उसके खिलाफ अभी तक कोई साक्ष्य नहीं मिला है। उसके आपराधिक इतिहास और पूरे मामले की स्थानीय स्तर पर जांच की जा रही है। एसपी अभिनव त्यागी ने बताया कि सभी सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।