भदोही। बीस महीने तक बंद रहने के बाद भदोही डाकघर में स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र में फिर काम शुरू हो गया है। गत वर्ष 2 अप्रैल की रात पासपोर्ट सेवा केंद्र में शार्टसर्किट से आग लग गई थी जिससे सेवा केंद्र को बंद कर दिया गया था।
पासपोर्ट सेवा केंद्र को फिर शुरू करने की जानकारी पासपोर्ट सेवाकेंद्र लखनऊ के अधिकारियों ने दी है। डाकघर के पासपोर्ट सेवा केंद्र में लोग पहले की तरह फिर से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इस केंद्र पर हर रोज 45 अपॉइंटमेंट दिया जाएगा। पासपोर्ट आवेदन, दस्तावेज अपलोड के साथ साथ यहां होने वाले बायोमेट्रिक सहित सभी सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। पासपोर्ट सेवा केंद्र के बहाल होने का आम जन ने स्वागत किया है।
सेवा केंद्र के बंद होने से भदोही के लोगों को सबसे नजदीक पासपोर्ट सेवा केंद्र वाराणसी जाना पड़ता था। भदोही डाकघर में तैनात सब डिवीजनल इंस्पेक्टर व्यास मुनि पाठक ने बताया कि सेवा केंद्र में दो स्टाफ की तैनाती कर सेवा केंद्र का संचालन शुरू कर दिया गया है। लोग पासपोर्ट आवेदन के लिए आ भी रहे हैं। बताया कि अप्रैल 2024 में आग की घटना के बाद लगभग 20 माह तक केंद्र बंद था।