ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में भदोही पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। पुलिस ने अक्तूबर में पोर्टल पर मिली शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया। आईजीआरएस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण का हर महीने शासन स्तर पर मूल्यांकन किया जाता है। एसपी अभिनव त्यागी के निर्देश पर आईजीआरएस सेल लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के साथ शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि पर भी ध्यान दिया गया।
्रइस मामले में भदोही पुलिस को 90 फीसदी से अधिक अंक मिले हैं। जनसुनवाई पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को पुलिस कार्यालय में गठित आईजीआरएस सेल के माध्यम से संबंधित थानों को ऑनलाइन भेजा जाता है। पुलिस की कार्रवाई से शिकायतकर्ता संतुष्ट हैं या नहीं, इसका फीडबैक भी आईजीआरएस सेल के कर्मचारी लेते हैं। इससे जांच और पुलिस कार्रवाई की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
एसपी ने बताया कि जोन और रेंज स्तर पर भी भदोही पुलिस को पहला स्थान मिला है। उन्होंने पूरी टीम के कार्य की सराहना करते हुए इसी तत्परता और संवेदनशीलता से काम करने के लिए प्रेरित किया।