भदोही को जनपदीय पुलिस कानून व्यवस्था के अनुपालन में यूपी में 11वां स्थान प्राप्त हुआ है। भदोही के अलावा सोनभद्र 13वें स्थान पर है। इसके अलावा पूर्वांचल का अन्य कोई जिला टॉप-20 में जगह नहीं बना सका है। कानून व्यवस्था के अनुपालन में पूर्वांचल में नंबर वन होने के बाद भी जनपदीय पुलिस को बड़ी घटनाओं का खुलासा सिरदर्द बना हुआ है। हाल फिलहाल कुल तीन बड़े मामलों में पुलिस शूटर और अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है।
जनपद पुलिस को कानून व्यवस्था के अनुपालन में अक्तूबार माह में 11वां स्थान प्राप्त हुआ है। अपराध पर नकेल समेत अन्य बिंदुओं की समीक्षा के बाद सीएम डैश बोर्ड पर हर माह यह रैकिंग जारी की जाती है। रैकिंग के अनुसार जनपदीय पुलिस कानून व्यवस्था के अनुपालन में पूर्वांचल में नंबर वन है। उसके बाद सोनभद्र ही 13वें और वाराणसी 29वें नंबर पर है। पूर्वांचल में नंबर वन होने के बाद भी पुलिस के लिए इन दिनों कुछ बड़ी घटनाएं सिरदर्द बन गई है। जिसके खुलासे के लिए गठित टीमों के हाथ अब तक खाली है।
-
केस वन- 30 सिंतबर को सुरियावां के बावन बीघा तालाब के पास स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी सीताराम (65) की गला रेत कर हत्या कर दी गई। इस मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
-
केस दो- भदोही कोतवाली के अमिलौरी गांव निवासी नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर सिंह की 21 अक्तूबर की सुबह नौ बजे अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी समेत चार को गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन शूटर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जबकि सीसी टीवी से उसकी पहचान की जा चुकी है।
-
केस तीन- सुरियावां कोतवाली के मकनपुर रूही निवासी बैंक मित्र शारदा प्रसाद मौर्य से 30 अक्तूबर को बदमाशों ने भिखमापुर नहर के पास से तमंचे के बल पर एक लाख लूट लिए। इस मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।