मुख्यमंत्री के भदोही आगमन से 10 दिन पूर्व ही शासन ने विद्युत कटौती के रोस्टर में बदलाव की घोषणा की है। विभाग के नए फरमान के मुताबिक शहर अब रात्रि कटौती मुक्त होगा और कुल 20 घंटे आपूर्ति रहेगी। विधायक जाहिद बेग ने लखनऊ से इसकी जानकारी दी।
विधायक ने लखनऊ से फोन कर बताया कि उन्होंने रात्रि कटौती से हो रहे आम जन की समस्या से मंगलवार को प्रबंध निदेशक (उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन) एपी मिश्र को अवगत कराते हुए रात्रि कटौती से भदोही को मुक्त करने की मांग की। इसके बाद एमडी ने रोस्टर बदलने संबंधी पत्रक विभागीय अधिकारियों को जारी किया।
विधायक से सूचना मिलने के बाद एक्सईएन बालक राम ने नए रोस्टर की पुष्टि की और बताया कि अब सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक तथा रात 8 बजे से भोर में 6 बजे तक आपूर्ति होगी। अर्थात कुल 20 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। नए शेड्यूल का सपा नेताओं,नागरिकों ने स्वागत किया।