टीकाकरण के लिए केंद्रों पर लोंगों की भीड़ उमड़ रही है। भीड़ को नियंत्रीत करने के लिए शासन की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत अब शनिवार को सिर्फ वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसमें स्लॉट बुक कराने वालों को वैक्सीन लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। कोरोना संक्रमण की दुसरी लहर से डरे-सहमे लोगों में टीकाकरण का रूझान बढ़ा है। ऐसे में केंद्रों पर टीकाकरण के लिए भारी भीड़ उमड़ रही है। वैक्सीन पहले लगवाने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की और नोकझोंक होते देखा जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग अब हर शनिवार को सिर्फ दूसरी डोज लेने वाले को ही वैक्सीन लगाएगा। इसके लिए सुबह नौ बजे से 11 बजे तक स्लॉट बुक करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद बिना बुकिंग के लिए टीकाकरण के लिए आने वालों का टीका लगाया जाएगा। जिले में अगस्त माह में दूसरी डोज लेने वालों की संख्या अधिक है ऐसे में बूथ पर भीड़ नियंत्रण करने के लिए दूसरी डोज लेने वाले लोगों को एक दिन अलग से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सोमवार से शुक्रवार को पहली डोज के साथ दूसरी डोज भी लगाई जाएगी। महीने भर पहले तय किया गया था कि शनिवार को कोविड़ टीकाकरण बंद रहेगा। इस दिन महिलाओं व बच्चों को नियमित टीके लगेंगे, लेकिन अब शनिवार को दूसरी डोज लगाने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि पहले चरण में जब आम लोगों का टीकाकरण किया गया तो लोगों ने इसे हल्के में लिया। इसके बाद दूसरी लहर में जब मौतों का आंकड़ा बढ़ा तो टीकाकरण की दर भी बढ़ गई। इसके बाद जब शासन ने 18 साल से ऊपर वालों के लिए टीकाकरण शुरू किया तो वैक्सीन ही कम पड़ गई। हालांकि, इस स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और लोगों ने बढ़-चढ़कर वैक्सीन लगवा रहे है।