ज्ञानपुर। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे ट्वेंटी-20 मुकाबले में रविवार को जिले के युवा क्रिकेटर शिवम दूबे की आतिशी पारी से प्रशंसक झूम उठे। पहला अर्द्धशतक पूरे होने पर करीबियों ने चौरी बाजार और मानिकपुर में एक दूसरे को मिठाई खिला कर खुशी का इजहार किया।
भदोही-वाराणसी मार्ग के मानिकपुर गांव निवासी शिवम के पिता राजेश दुबे मुंबई में दूध के व्यापारी हैं। शिवम का जन्म मुंबई में ही हुआ और उसकी पढ़ाई-लिखाई और प्रैक्टिस सब कुछ मुंबई में ही हुई, लेकिन परिवार हर साल यहां गांव आता है। करीब 25 साल के शिवम 15 साल से क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन वह सुर्खियों में तब आए, जब बड़ौदा के खिलाफ रणजी मैच में लगातार पांच छक्के और मुंबई ट्वेंटी लीग में प्रवीण तांबे की पांच गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाए। पिछले दिनों बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सीरीज में शिवम का चयन इंडिया की टी 20 टीम में हुआ। उस सीरिज में बल्ले से तो नहीं, लेकिन गेंदबाजी में एक मैच को जीत की ओर ले गए। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन दूसरे मैच में शिवम दूबे ने 54 रन की तेज पारी खेल कर टीम इंडिया को एक अच्छे स्कोर की तरफ अग्रसर कर दिया। पोलार्ड के एक ओवर में 24 रन बनाने के बाद चौरी बाजार में प्रशंसक आशीष दूबे, दीपक मोदनवाल, विजय दूबे, मनोज सिंह के नेतृत्व में मिठाई बांटी गई। शिवम दूबे के चाचा पूर्व सांसद रमेश दूबे ने शिवम ने अच्छी बल्लेबाजी पर खुशी जताई। कहा कि वरिष्ठ खिलाड़ियों की तरफ से सहयोग मिलेगा तो वह और भी बेहतर करेगा।