चौरी। थाना क्षेत्र के बरवा गांव में रविवार की रात शादी में आर्केस्ट्रा डांस को लेकर बराती और घरातियों में मारपीट हो गई। इससे बारात में भगदड़ मचने से आधे से अधिक बराती रात में ही खिसक लिए। मारपीट में दोनों तरफ से दर्जन भर लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने समझा कर मामले को शांत कराया। रविवार को बरवा में वाराणसी जिले के बड़ागांव से बरात आई थी। द्वार पूजा के बाद शुरू आर्केस्ट्रा में डांस में नर्तकी संग डांस करने को लेकर बरातियों का घरातियों से विवाद हो गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शादी की अन्य रस्में पूरी की गईं। मारपीट को लेकर थाने में दोनों पक्षों से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।